चकरनगर रोड पर बारिश से सड़क धंसी, बड़ा गड्ढा बनने से हादसे का खतरा

ढकरा की नारिया–उदी मोड़ से करीब 7 किलोमीटर आगे सड़क क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी से ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग की।

लगातार हो रही बारिश के कारण चकरनगर रोड पर ढकरा की नारिया से उदी मोड़ की ओर करीब 7 किलोमीटर आगे सड़क धंस गई है, जिससे बीच सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया है। सड़क की स्थिति बेहद खराब होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश और इस मार्ग से गुजरने वाले ओवरलोड ट्रकों के कारण सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है। सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे बन चुके हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी एवं ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

आर्य खबर की अपील:
संबंधित विभाग इस सड़क की तत्काल जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराए, जिससे आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।